Ranchi Plane Crash : रांची से दिल्ली जा रहा एयर एम्बुलेंस चतरा में क्रैश, विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत ।
रांची, झारखंड।झारखंड की राजधानी रांची से बड़ी खबर सामने आ रही है। रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद एक एयर एंबुलेंस लापता हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही एयर एंबुलेंस रडार से गायब हो गई, जिसके बाद एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस का संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसके कुछ ही देर बाद खबर सामने आई, कि रांची से दिल्ली आ रही एयर एंबुलेंस क्रैश हो गई है। इसके झारखंड के चतरा में क्रैश होने की खबर सामने आई है।आपको बता दें कि इस एयर एंबुलेंस में मरीज समेत 7 लोग सवार थे।
डीजीसीए के सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आ रही हैं कि रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद एक चार्टर विमान रडार से गायब हो गया है। वहीं, रांची एयरपोर्ट के सूत्रों के अनुसार, एक मेडिकल फ्लाइट ने उड़ान भरी, इसका संपर्क अगले स्टेशन से स्थापित किया गया, फिर नियंत्रण अगले स्टेशन को सौंप दिया गया। इसके बाद संपर्क टूट गया। विमान का रांची एयरपोर्ट से संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसकी जानकारी राज्य को दे दी गयी है। सभी जरूरी एसओपी का पालन किया जा रहा है।
PTI की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, ये दुर्घटना सोमवार को शाम 7 बजकर 10 मिनट पर रांची एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस के उड़ान भरने के बाद हुई है। रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि, 7 लोगों को रांची से दिल्ली ले जा रही एयर एंबुलेंस झारखंड के चतरा जिले में सिमरिया के पास क्रैश हो गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की रिपोर्ट राज्य प्रशासन से प्राप्त हुई है।
दुर्घटनाग्रस्त एयर एंबुलेंस रेड बर्ड एयरवेज की बतायी जा रही है। शाम को 7 बजकर 34 मिनट पर एयर एंबुलेंस का संपर्क एटीसी से टूट गया था। एयर एंबुलेंस को कैप्टन विवेक विकास भगत और कैप्टन सवरदीप सिंह चला रहे थे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि एयर एंबुलेंस खराब मौसम या तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटना का शिकार हुई है। एसपी सुमित अग्रवाल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
सामने आई जानकारी के अनुसार, एयर एंबुलेंस 41 वर्षीय संजय कुमार नामक मरीज को लेकर जा रही थी। संजय कुमार जल जाने की वजह से गंभीर स्थिति में थे। संजय कुमार देव कमल अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें एयर एंबुलेंस से ले जाया जा रहा था। उनके अलावा एयर एंबुलेंस पर सवार छह लोगों में रितेश कुमार, सचिन कुमार मिश्रा, डॉ विकास कुमार गुप्ता, अर्चना देवी और धुरू कुमार शामिल थे। इनमें एक डॉक्टर, एक पारा मेडिकल स्टाफ, दो अटेंडेंट और एक पायलट शामिल थे। किसी के भी बचने की उम्मीद नहीं बताई जा रही है।
By Madhu Sinha

0 टिप्पणियाँ