BOKARO : बोकारो के चास में मतदान के दौरान भारी बवाल, एसडीपीओ घायल, पार्षद प्रत्याशी का पति गिरफ्तार ।

BOKARO : बोकारो के चास में मतदान के दौरान भारी बवाल,  एसडीपीओ घायल, पार्षद प्रत्याशी का पति गिरफ्तार  । 


बोकारो, झारखंड  । 

झारखंड के बोकारो जिले में चास नगर निगम चुनाव के लिए मतदान के दाैरान सोमवार को भारी बवाल हुआ। वार्ड संख्या 32 में बने वन विभाग स्थित मतदान केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ बाहरी लोगों को बूथ के भीतर प्रवेश दिलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

ड्यूटी पर तैनात एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना सामने आई है। मारपीट में एसडीपीओ के नाक पर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस संबंध में बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह (एसपी) ने बताया कि वार्ड 32 के मतदान केंद्र पर पूर्व पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी के पति रामाशंकर सिंह द्वारा कथित रूप से कुछ बाहरी व्यक्तियों को जबरन मतदान केंद्र के अंदर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था।

ड्यूटी पर मौजूद एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने जब उन्हें रोका, तो विवाद बढ़ गया और आरोपी ने एसडीपीओ को मारकर चोटिल कर दिया। रामाशंकर के साथ पहुंची एक दो महिलाओं ने भी पुलिस को अपना कार्य करने से रोका। साथ ही मीडिया में भ्रामक जानकारी देकर सहानुभूति भी बटोरना चाहता था।

पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही वे स्वयं दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। तत्काल कार्रवाई करते हुए रामाशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

घटना के  तुरंत बाद अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और मतदान प्रक्रिया को पुनः शांतिपूर्ण ढंग से शुरू करा दिया गया, ताकि आगे कोई अप्रिय घटना घटित ना हो । उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी मतदान प्रक्रिया बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। 





By Madhu Sinha

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ