LATEHAR : नप चुनाव: वार्ड 15 में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं, 961 मतदाता करेंगे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ।
लातेहार, झारखंड ।
नगर पंचायत के लिए मतदान हो रहा है। प्रचार समाप्त होने के बाद सभी प्रत्याशियों ने डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की और अपने पक्ष में मतदान की अपील की। मतदान से पहले चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंकते नजर आए। रविवार को वार्ड संख्या 15 में पड़ताल के दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। वार्ड निवासी अरविंद कुमार, आनंद कुमार, राहुल कुमार, मनोज कुमार समेत अन्य लोगों ने बताया कि इलाके में कचरा प्लांट लगने से काफी परेशानी हो रही है। दुर्गंध और गंदगी से लोग त्रस्त हैं। उनका कहना है कि जो प्रत्याशी इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की बात करेगा, वे उसी को अपना मत देंगे।
प्रत्याशियों ने क्या कहा
निवर्तमान वार्ड पार्षद गुड़िया सिन्हा ने कहा कि उनके कार्यकाल में कई विकास कार्य हुए हैं, लेकिन कुछ अधूरे कार्य शेष हैं। जनता का आशीर्वाद मिलने पर वे सबसे पहले अधूरे कार्य पूरे करेंगी। साथ ही पानी कनेक्शन शुल्क को बोर्ड से पास कराकर निःशुल्क कराने और वार्ड में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि वे 24 घंटे जनता के लिए उपलब्ध रहेंगी।
दूसरी प्रत्याशी पार्वती देवी ने कहा कि नगर पंचायत कर्मियों द्वारा पानी का बिल समय पर नहीं मिलने से लोगों को परेशानी होती है। वे हर घर तक सही बिल पहुंचाने का प्रयास करेंगी और कचरा प्लांट को अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराने की कोशिश करेंगी। सभी निर्णय वार्ड की आम सहमति से लेने की बात कही।
वहीं सुनीता गुप्ता ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र 15 दिनों के भीतर बनवाने की व्यवस्था करने, नियमित सफाई और खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।
उम्मीदवार और चुनाव चिन्हगुड़िया सिन्हा – अलमारी , पार्वती देवी – बेबी वॉकर,
सुनीता गुप्ता – बल्ला , वोटरों की संख्या पुरुष – 501, महिला – 460 कुल मतदाता – 961 अब देखना है कि वार्ड 15 की जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।
Report By Ram Kumar (Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha




0 टिप्पणियाँ