CHANDANKIYARI : झारखंड के जननायक बिनोद बिहारी महतो को भारत रत्न देने की उठी मांग, सिंहडीह में बिनोद महोत्सव का शुभारंभ।
चन्दनकियारी, बोकारो, झारखंड ।चास प्रखंड अंतर्गत बिजुलिया पंचायत के सिंहडीह गांव में बिनोद बिहारी महतो स्मारक मेला समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय बिनोद महोत्सव मंगलवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर किसान नेता सह चंदनकियारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी जगन्नाथ रजवार ने समारोह में शामिल होकर जननायक बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बिनोद बाबू ने झारखंड राज्य निर्माण के लिए जो सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। वे गरीब, शोषित, पीड़ित और वंचितों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष करते रहे और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का कार्य किया।
श्री रजवार ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि झारखंड के जननायक बिनोद बिहारी महतो के ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बिनोद बाबू के आदर्शों को आत्मसात कर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मौके पर जेएलकेएम नेता राजू महतो, अनु प्रसाद, दिलीप कुमार महतो, रामू महतो, कन्हाई रजवार, अंकित कुम्भकार, दुर्गा चरण महतो, अमृत महतो, शंकर महतो, मनोज महतो, मुरलीधर महतो, झारू रजवार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के पहले दिन विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। समिति की ओर से बताया गया कि महोत्सव के दूसरे दिन भी सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सामाजिक विषयों पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
Report By Mahendra Mahato ( Chandankiyari, Bokaro, Jharkhand)
By Madhu Sinha


0 टिप्पणियाँ