LATEHAR : नगर निकाय चुनाव में देरी के खिलाफ लातेहार में भाजपा का महाधरना, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन ।
लातेहार, झारखंड ।भारतीय जनता पार्टी, जिला लातेहार की ओर से नगर निकाय चुनाव में हो रही देरी और ईवीएम से दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराए जाने के विरोध में बुधवार को लातेहार नगर पंचायत परिसर में एक दिवसीय महाधरना का आयोजन किया गया। धरना नगर मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें झारखंड सरकार पर लोकतंत्र की खुलेआम हत्या करने का आरोप लगाया गया। धरना के उपरांत भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासक, नगर पंचायत लातेहार के माध्यम से सौंपा।
धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक हरि कृष्ण सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार जनता के फैसले से डरती है, इसलिए चुनाव से भाग रही है। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कुचलने का प्रयास है। पूर्व जिलाध्यक्ष राजधानी प्रसाद यादव ने कहा कि दो वर्षों से नगर निकाय चुनाव न कराना सरकार की जनविरोधी मानसिकता को दर्शाता है और स्थानीय स्वशासन व्यवस्था को पंगु बना दिया गया है।
जिला अध्यक्ष पंकज सिंह ने सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित किया जा रहा है। जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि चुनाव न कराना महिलाओं, गरीबों और आम जनता के साथ विश्वासघात है। वहीं निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष सीतामनी तिर्की ने इसे नौकरशाही थोपने का प्रयास बताया।भाजपा नेत्री कल्याणी पाण्डेय और नेता राजीव रंजन पाण्डेय ने कहा कि सरकार को अपनी हार दिखाई दे रही है, इसलिए वह दलीय आधार पर ईवीएम से चुनाव कराने से बच रही है। जिला मीडिया प्रभारी मुकेश पांडेय ने सरकार की मंशा को लोकतंत्र विरोधी करार दिया।
सभी वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नगर निकाय चुनाव की घोषणा नहीं हुई तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी। धरना में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री बंशी यादव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अमरेश सिंह ने दिया।
Report By Rahul Kumar (Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha


0 टिप्पणियाँ