JHARKHAND : दो दिवसीय झारखंड दौरे पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू पहुंचीं देवघर, IIT ISM के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति ।

 JHARKHAND : दो दिवसीय झारखंड दौरे पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू पहुंचीं देवघर, IIT ISM के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति ।

रांची, झारखंड ।

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड में रहेंगीं। अभी उनका देवघर एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने स्वागत किया है। उनके आगमन को लेकर राजधानी रांची समेत देवघर और धनबाद में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। विशेष रूप से रांची एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

एयरपोर्ट पर स्निफर डॉग, मेटल डिटेक्टर और बम डिस्पोजल स्क्वायड (BDS) की तैनाती की गई है। साथ ही राष्ट्रपति के मूवमेंट रूट को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हिनू चौक, बिरसा चौक से अरगोड़ा चौक और राजभवन के 200 मीटर के दायरे को अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची द्वारा नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू थोड़ी देर के बाद सीधे एम्स जाएंगीं और दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। इसके बाद वह शाम 4:00 बजे देवघर से रवाना होकर शाम 5:25 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी। रांची में वह राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी और गणमान्य लोगों से मुलाकात भी करेंगी।
दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे राष्ट्रपति रांची से दुर्गापुर के लिए रवाना होंगी। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा धनबाद पहुंचेंगी। सुबह 11:10 बजे वह IIT ISM धनबाद के 45वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इसके बाद वह दोपहर 3:20 बजे धनबाद से दुर्गापुर लौटेंगी और फिर वहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए रांची, देवघर और धनबाद में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रत्येक जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।




By Madhu Sinha 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ