LATEHAR : ओबीसी समाज को हक-अधिकार के लिए जागरूक और एकजुट होना होगा : चौधरी विकास ।
लातेहार में प्रमंडल स्तरीय ओबीसी जागरूकता सह अधिकार सम्मेलन, जनगणना में अलग कॉलम की मांग।
लातेहार, झारखंड।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा झारखंड के तत्वावधान में रविवार को लातेहार पुलिस लाइन स्थित टाउन हॉल में प्रमंडल स्तरीय ओबीसी जागरूकता सह अधिकार सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें लातेहार, पलामू और गढ़वा जिले से बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत छत्रपति शाहूजी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के अधिवक्ता रवि भूषण, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विकास पटेल, प्रदेश अध्यक्ष देवचरण दांगी और जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। मुख्य वक्ता हाईकोर्ट के अधिवक्ता रवि भूषण ने कहा कि ओबीसी समाज को अपने हक और अधिकार के लिए जागरूक होना होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनगणना की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन इसमें ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं दिया गया है। इससे ओबीसी समाज की वास्तविक आबादी का सही आंकड़ा सामने नहीं आ पाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विकास पटेल ने कहा कि जनगणना के पहले चरण में ओबीसी को उचित स्थान नहीं दिया गया है। 2011 की जनगणना में भी ओबीसी की आबादी का सही आंकड़ा सामने नहीं आया था। उन्होंने मांग की कि जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम बनाया जाए, ताकि जातिगत आबादी का सही आकलन हो सके। उन्होंने कहा कि जब तक ओबीसी समाज जागरूक होकर संगठित नहीं होगा, तब तक उसे उसके अधिकार नहीं मिलेंगे। उन्होंने बताया कि इसी मांग को लेकर 25 अक्टूबर को रांची में राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से लोग शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष देवचरण दांगी गी ने कहा कि ओबीसी समाज को लगातार उसके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। कई राज्यों में नियोजन में 27 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है, जबकि कई जिलों में अभी भी इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने विधायिका में भी ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। कहा कि आंदोलन के जरिए ही समाज को उसका हक और अधिकार दिलाया जा सकता है। सम्मेलन को जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद, रमेश गुप्ता, उमेश कुमार सोनी, मोहर यादव समेत अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और समाज के लोगों से एकजुट होकर अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। मौके पर नीरज भोक्ता, विजय प्रताप भारती, दशरथ ठाकुर, प्रवीण कुमार अग्रवाल, अयोध्या जायसवाल, गोपाल प्रसाद, रवि भूषण कुशवाहा, मनोज चंद्रवंशी, राजू रंजन प्रसाद, श्यामबिहारी प्रसाद, नरेश प्रसाद, राजू गुप्ता,सुरेश प्रसाद, संजय प्रसाद, बद्री साव, सतेंद्र प्रसाद, अशोक प्रसाद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
Report By Ram Kumar ( Latehar, Jharkhand)
By Madhu School



0 टिप्पणियाँ