LATEHAR : नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण, संतोष रंजन बने लातेहार नगर पंचायत उपाध्यक्ष।
लातेहार, झारखंड।
नगरपालिका (आम) चुनाव–2026 के अंतर्गत शनिवार को समाहरणालय सभागार में नगर पंचायत लातेहार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने अपने पद एवं दायित्वों की शपथ ली और नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया।
शपथ ग्रहण के बाद नगर पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड पार्षद संतोष रंजन और गुड़िया सिन्हा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके पश्चात निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की गई। निर्वाचन पदाधिकारी की देखरेख में सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में मतदान कराया गया।
मतदान के बाद मतगणना में संतोष रंजन को 9 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी गुड़िया सिन्हा को 6 मत मिले। इस प्रकार संतोष रंजन तीन मतों के अंतर से विजयी घोषित किए गए। अपर समाहर्ता रामा रविदास ने उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
Report By Ram Kumar (Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha



0 टिप्पणियाँ