LATEHAR : लातेहार नगर पंचायत चुनाव: झामुमो प्रत्याशी की हार के पांच प्रमुख कारण ।
लातेहार, झारखंड ।लातेहार नगर पंचायत चुनाव संपन्न हो चुका है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी महेश सिंह ने जीत दर्ज की, जबकि बिलासी तोपनो को हार का सामना करना पड़ा। मतगणना की शुरुआत से ही झामुमो समर्थित प्रत्याशी पिछड़ती चली गईं। आइए जानते हैं हार के पांच प्रमुख कारण—
पहला: गठबंधन में फुट
झामुमो, कांग्रेस और आप ने जहां बिलासी तोपनो को समर्थन दिया, वहीं राजद ने अपना अलग प्रत्याशी मैदान में उतार दिया। इस कारण विपक्षी वोटों का बिखराव हुआ और इसका सीधा लाभ भाजपा समर्थित उम्मीदवार को मिला।
दूसरा: अल्पसंख्यक वोट का विखराव
अल्पसंख्यक वोट बैंक भी एकजुट नहीं रह सका। झामुमो और राजद प्रत्याशियों के बीच वोट बंट गया। डुरूआ क्षेत्र में जहां झामुमो को बढ़त की उम्मीद थी, वहां राजद समर्थित प्रत्याशी मिल्यानी कुजूर को 1139 वोट मिले। चर्चा है कि बिलासी तोपनो जितने मतों से हारीं, लगभग उतने ही वोट मिल्यानी को मिले।
तीसरा: राजद की नाराजगी
राजद नेताओं का आरोप है कि प्रत्याशी चयन में गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया गया। पूर्व में भी समन्वय की कमी रही, जिसका असर चुनावी मैदान में देखने को मिला।
चौथा: ओबीसी समुदाय की नाराजगी
नगर पंचायत सीट के आरक्षण को लेकर ओबीसी समुदाय में असंतोष रहा। ट्रिपल टेस्ट के बाद ओबीसी आरक्षण की उम्मीद थी, लेकिन सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित होने से नाराजगी बढ़ी, जिसका असर मतदान पर पड़ा।
पांचवां: स्थानीय बनाम बाहरी समर्थक मुद्दा
चुनावी कार्यक्रमों में बाहरी समर्थकों की संख्या अधिक दिखने से स्थानीय मतदाताओं के बीच गलत संदेश गया। इससे शहरी वोटरों का रुझान प्रभावित हुआ और झामुमो प्रत्याशी को नुकसान उठाना पड़ा।
कुल मिलाकर, अंदरूनी असंतोष, वोटों का बिखराव और रणनीतिक चूक झामुमो समर्थित प्रत्याशी की हार की बड़ी वजह मानी जा रही है।
Report By Ram Kumar (Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha

0 टिप्पणियाँ