RANCHI : रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में खड़ी 6 बसों में लगी आग, मची अफरातफरी ।
रांची, झारखंड ।
राजधानी रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक साथ 6 बसों में आग लग गई। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते सभी बसें आग में जलकर स्वाहा हो गईं। दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं बस मालिकों ने इस आगलगी के पीछे एक बड़ी साजिश का अंदेशा जताया है।
खादगढ़ा बस स्टैंड में कई बसों में रविवार की दोपहर अचानक आग लग गई। इस भीषण आग लगी में छह बसें जलकर राख हो गईं। सबसे पहले एक बस में आग लगी थी, जब तक स्थानीय लोग और बस मालिक कुछ समझ पाते तब तक उन्होंने देखा कि कुछ ही दूर पर खड़ी बाकी बसें भी आग की चपेट में आ गईं और धू धू कर बसें स्वाहा हो गई। एक साथ छह बसों में आग लगने की वजह से पूरे खादगढ़ा बस स्टैंड में भगदड़ मच गई। बस के ड्राइवर और खलासी अपने-अपने बसों को लेकर इधर-उधर भागने लगे। बड़ी मशक्कत से किसी तरह आग लगी बसों के पास से खड़ी दूसरी बसों को वहां से निकाला गया।
वहीं बस मालिको को ऐसा लगता है कि किसी ने जानबूझकर बसों को आग के हवाले कर दिया। सबसे हैरानी की बात तो यह है कि जिन बसों में आग लगी उनमें से कोई भी एसी बस नहीं थी। एसी बसों में आमतौर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से कई बार आग लगी है, लेकिन खादगढ़ा बस स्टैंड में जिन 6 बसों में आग लगी उनमें से कोई भी एसी बस नहीं थी ।
दमकल के पांच वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया लेकिन आग कैसे लगी, इसका खुलासा पुलिस को करना है। लोवर बाजार थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है। बस स्टैंड में लगी सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। अगर सीसीटीवी फुटेज में कोई भी शख्स आग लगाता हुआ दिखाई पड़ता है तो उसके ऊपर कार्रवाई की जाएगी।
By Madhu Sinha


0 टिप्पणियाँ