LATEHAR : 23 फरवरी के मतदान को लेकर डिस्पैच सेंटर से रवाना हुए मतदान कर्मी, उपायुक्त व एसपी ने दिए जरूरी निर्देश।

LATEHAR : 23 फरवरी के मतदान को लेकर डिस्पैच सेंटर से रवाना हुए मतदान कर्मी, उपायुक्त व एसपी ने दिए जरूरी निर्देश। 

लातेहार, झारखंड  ।

नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान को लेकर लातेहार नगर पंचायत क्षेत्र में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। समाहरणालय परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से रविवार को मतदान पदाधिकारियों एवं मतदान दल के कर्मियों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता तथा पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने मतदान कर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।


डिस्पैच सेंटर में मतदान सामग्री, मतपेटिका, मतपत्र एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों का विधिवत वितरण किया गया। अधिकारियों ने उपलब्ध कराई जा रही सामग्रियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। मतदान दलों को पुलिस बल के साथ समन्वय बनाकर सुचारू रूप से मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन की ओर से कलस्टरों में भोजन, पेयजल, शौचालय, निर्बाध बिजली एवं चिकित्सीय दल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।


जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं।





Report By Ram Kumar (Latehar, Jharkhand) 

By Madhu Sinha

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ