Ramgarh : भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ने लोकसभा एवं विधानसभा में भाग लेने वाले वालेंटियर के जाने मतदान के अनुभव ।
◆प्रख्यात सिद्धपीठ में सपरिवार की पूजा अर्चना ।
◆चुनाव आयोग हमेशा मतदाताओं के साथ खड़ा था, है और आगे भी सदैव खड़ा रहेगा : ज्ञानेश कुमार ।
रजरप्पा, रामगढ़, झारखंड ।भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि झारखंड की इस महान धरती पर मुझे सभी से मिलने और उनका अभिवादन करने का अवसर मिला है। मैंने वालेंटियर्स से बातचीत की, जिसके दौरान मुझे एहसास हुआ कि झारखंड में लोकतंत्र की जड़ें बहुत मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक नागरिक को निर्वाचक बनना चाहिए। चुनाव आयोग हमेशा मतदाताओं के साथ खड़ा था, है और आगे भी सदैव खड़ा रहेगा। ज्ञानेश कुमार आज रामगढ़ के सीसीएल गेस्ट हाउस स्थित सभागार में वालेंटियर के साथ एक्सपेरिएंस शेयर कार्यक्रम के उपरांत मीडिया के प्रतिनिधियों को भी संबोधित कर रहे थे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि हर मतदान केंद्र पर एक बूथ लेवल अधिकारी नियुक्त किया जाता है और हर बूथ पर हर राजनीतिक दल को बूथ लेवल एजेंट नामित करने का अधिकार होता है। हर नागरिक एक निर्वाचक के रूप में सभी सुविधा अपने बूथ पर प्राप्त कर सकते है। अगर किसी व्यक्ति को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के निर्णय पर आपत्ती है तो वह जिला निर्वाचन पदाधिकारी/डीईओ के समक्ष अपील कर सकता है, साथ ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी/डीईओ के निर्णय के विरुद्ध मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील दायर की जा सकती है। झारखंड में किसी भी जिला निर्वाचन पदाधिकारी/डीईओ या सीईओ कार्यालय के समक्ष कोई भी अपील लंबित नहीं है, जिसका मतलब है कि झारखंड में मतदाता सूची मतदाताओं एवं अन्य सभी सत प्रतिशत संतुष्टि के करीब है, इसके लिए झारखंड की निर्वाचन टीम सराहना की पात्र है। इस अवसर पर ज्ञानेश कुमार ने बताया कि मैं झारखंड में दो दिनों के लिए आया हूँ इस बीच मैं कुछ कठिन स्थानों पर भी जाऊँगा। इससे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ने विगत के चुनावों में भाग लेने वाले वालेंटियर से एक्सपीरियंस शेयर कार्यक्रम को संबोधित किया एवं उनके द्वारा किए गए कार्यों को सराहा।
उक्त अनुभव साझा कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने वालेंटियरस को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के सर्वोच्च पद पर आसीन मुख्य चुनाव आयुक्त आज हम सब के बीच उपस्थित है एवं आप सभी के अनुभवों को साझा कर रहें है। आप सभी वालेंटियर से आग्रह है कि आपके मन में किसी भी प्रकार के प्रश्न है तो उसे बेझिझक पूछें। इस अवसर पर रामगढ़ के उपायुक्त सह् जिला निर्वाचन पदाधिकारी श चंदन कुमार ने अपने संबोधन में यहाँ उपस्थित वालेंटियर के कार्यों को सराहा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को रामगढ़ जिले के एसडीओ अनुराग तिवारी एवं वालेंटियर के मास्टर ट्रेनर संजय कुमार राय ने भी संबोधित किया एवं कार्यक्रम के अंत में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नेहा अरोड़ा ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन उप सचिव देव दास दत्ता द्वारा किया गया।इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड श्री के. रवि कुमार, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नेहा अरोड़ा, रामगढ़ के उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार सहित निर्वाचन एवं रामगढ़ जिले के पदाधिकारीगण, जिले के वालेंटियर एवं बीएलओ उपस्थित थे।
◆मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रजरप्पा मंदिर में की पूजा-अर्चना, हवन में हुए शामिल
इसके पूर्व 10:30 बजे भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार रामगढ़ पहुँचे। जहाँ उन्होंने प्रख्यात सिद्ध पीठ रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध माँ छिन्नमस्ता मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना की और मांँ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे मंदिर में आयोजित हवन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ रामगढ़ के उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग तिवारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य चुनाव आयुक्त की यह यात्रा धार्मिक और व्यक्तिगत थी, लेकिन उनकी उपस्थिति को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी ने विधिवत पूजा-पाठ कर माँ छिन्नमस्ता से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न होने की कामना की।
Report By Sujit Sinha (Ramgarh, Jharkhand)
By Madhu Sinha
Related Link



0 टिप्पणियाँ