LATEHAR: भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में संगठन महापर्व हेतु बैठक संपन्न ।
लातेहार, झारखंड ।भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में संगठन महापर्व के उपलक्ष्य में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पंकज सिंह ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला चुनाव अधिकारी रामबाबू तिवारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की तस्वीरों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ के माध्यम से स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि रामबाबू तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि मंडल चुनाव अधिकारियों के माध्यम से सभी मंडलों में बूथ कमेटी का गठन और सक्रिय सदस्यता अभियान को तेज करने के पश्चात ही मंडल और जिला स्तर पर चुनाव आयोजित किए जाएंगे।
इस बैठक में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री इंद्रजीत यादव ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश द्वारा निर्देशित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जिसमें सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में पार्टी का झंडा लगाएंगे और जिला कार्यालय व सभी मंडल कार्यालयों में झंडोत्तोलन तथा मिठाई वितरण का आयोजन किया जाएगा।इसके अतिरिक्त, 13 अप्रैल को जिला स्तर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा की सफाई एवं दीप प्रज्वलन किया जाएगा। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और जिला स्तर पर गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
इंद्रजीत यादव ने कहा कि सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही ये कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सांसद और विधायक आप सभी कार्यकर्ताओं के समर्पण और सहयोग के बल पर ही चुने जाते हैं, और इसी प्रयास से भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन पाई है।बैठक का संचालन जिला महामंत्री बंसी यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री अमलेश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला सह चुनाव अधिकारी लाल कौशल नाथ शाहदेव, जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे, सभी मंडल चुनाव अधिकारी और मंडल अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।
Report By Ram Kumar (Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha



0 टिप्पणियाँ