LATEHAR : ऐतिहासिक परंपरा से विभिन्न थीम तक,लातेहार में आज से सजेगा मां दुर्गा का दरबार ।
लातेहार, झारखंड ।
कहीं सौ साल से अधिक पुरानी पूजा परंपरा, तो कहीं 75वीं वर्षगांठ का उत्साह। किसी पंडाल में ऐतिहासिक विरासत की झलक, तो कहीं लखनऊ के राजवाड़ा पैलेस और मां वैष्णो देवी धाम की आकर्षक छवि देखने को मिलेगी। दुर्गा पूजा को लेकर लातेहार शहर पूरी तरह उत्सवी रंग में रंगने को तैयार है। शनिवार से पूजा पंडालों के पट खुलने के साथ ही श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे।
लातेहार की दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था के साथ ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं का भी प्रतीक है। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आकर्षक सजावट, विद्युत रोशनी और अलग-अलग थीम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी।
राजा दुर्गा बाड़ी में सौ साल से अधिक पुरानी परंपरा
लातेहार की ऐतिहासिक दुर्गा पूजा का प्रमुख केंद्र राजा दुर्गा बाड़ी है। यहां सौ साल से अधिक समय से दुर्गा पूजा आयोजित की जा रही है। पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा ने इसे शहर की धार्मिक विरासत में विशेष स्थान दिलाया है। इस वर्ष भी यहां पारंपरिक विधि-विधान से पूजा की तैयारी की गई है।
थाना चौक दुर्गा बाड़ी मना रही 81वीं वर्षगांठ
थाना चौक स्थित दुर्गा बाड़ी में वर्ष 1946 में पूजा की शुरुआत हुई थी। प्रयास साव, रामवतार पांडेय, लखन दास और बैचू साव समेत अन्य लोगों ने इस परंपरा की नींव रखी थी। इस वर्ष समिति 81वीं वर्षगांठ मना रही है। पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
डुरूआ बाजार में 75वें वर्ष का उत्साह
रेलवे स्टेशन के समीप डुरूआ बाजार दुर्गा पूजा समिति वर्ष 1951 से पूजा का आयोजन कर रही है। इस वर्ष समिति अपनी 75वीं वर्षगांठ मना रही है। लंबे समय से चली आ रही यह परंपरा स्थानीय लोगों की सामूहिक आस्था और सहभागिता का प्रतीक है।
नवरंग चौक में आकर्षक रोशनी का इंतजाम
रेलवे स्टेशन स्थित नवरंग चौक दुर्गा पूजा समिति पिछले 57 वर्षों से पूजा आयोजित कर रही है। यहां पंडाल की सजावट और विद्युत रोशनी पर विशेष ध्यान दिया जाता है। मां के दर्शन के साथ जगमगाती रोशनी श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी।
काली मंदिर में राजवाड़ा पैलेस और वैष्णो देवी धाम की झलक
मेन रोड स्थित काली मंदिर पूजा समिति अपनी 50वीं वर्षगांठ पूरी कर चुकी है। इस बार पंडाल की बाहरी सजावट लखनऊ के राजवाड़ा पैलेस की तर्ज पर की गई है, जबकि अंदर मां वैष्णो देवी धाम से प्रेरित सजावट देखने को मिलेगी। यह थीम श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है।
करकट में एक सौ रुपये की लॉटरी का आकर्षण
करकट में वर्ष 1992 से दुर्गा पूजा आयोजित की जा रही है। इस बार समिति ने एक सौ रुपये की लॉटरी के माध्यम से स्कूटी जीतने का मौका देने की पहल की है। इसके लिए श्रद्धालुओं को समिति की ओर से जारी नियमों और शर्तों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
धर्मपुर, ब्लॉक और रेलवे स्टेशन पर भी तैयारी
शहर के धर्मपुर, ब्लॉक परिसर और रेलवे स्टेशन सहित अन्य इलाकों में भी पूजा पंडाल सजाए गए हैं। समितियां श्रद्धालुओं की सुविधा, आकर्षक सजावट और विद्युत रोशनी की व्यवस्था में जुटी हैं।
पुरानी विरासत के साथ नए आकर्षण का संगम
लातेहार की दुर्गा पूजा में हर पंडाल की अपनी अलग पहचान है। कहीं इतिहास और परंपरा का गौरव है, तो कहीं भव्य सजावट और आधुनिक थीम का आकर्षण। मां दुर्गा के पट खुलने के साथ ही शहर में भक्तिमय माहौल बनने और पंडालों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखनो की मिलेगी है।
Report By Ram Kumar ( Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha








0 टिप्पणियाँ