LATEHAR : दुर्गा पूजा को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय, एसपी कुमार गौरव ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा।

LATEHAR : दुर्गा पूजा को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय, एसपी कुमार गौरव ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा। 


लातेहार, झारखंड।

दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में नवनिर्मित जिला नियंत्रण भवन के सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई।


एसपी कुमार गौरव ने कहा कि पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने को कहा।


उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहकर स्थिति पर नजर रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी ने भी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने पर जोर दिया।

ब्रीफिंग के बाद एसपी ने जिला नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नियंत्रण कक्ष पूरी तरह कार्यरत है और यहां से जिले की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं साझा नहीं करने की अपील की है। आपात स्थिति में 112, नियंत्रण कक्ष के नंबर 06565-247981, मोबाइल 8987796308 अथवा साइबर सेल के व्हाट्सएप नंबर 6206159795 और मोबाइल नंबर 9229341575 पर सूचना दी जा सकती है।

मौके पर डीएलओ प्रभात कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, दोनों अनुमंडलों के एसडीओ, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ एवं थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





Report By Ram Kumar ( Latehar, Jharkhand) 

By Madhu Sinha

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ