LATEHAR : रामविलास पासवान ने वंचितों की आवाज को राष्ट्रीय मंच दिया : मुरली प्रसाद ।
लातेहार, झारखंड।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर गुरुवार को लातेहार जिला मुख्यालय स्थित होटल बिलिस में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व लोजपा (रामविलास) के प्रदेश सचिव एवं झारखंड आंदोलनकारी नेता मुरली प्रसाद ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महंत त्रिभुवन पांडेय ने मंत्रोच्चार के बीच स्व. रामविलास पासवान के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए मुरली प्रसाद ने कहा कि रामविलास पासवान ने अपना संपूर्ण राजनीतिक जीवन गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उन्होंने सामाजिक न्याय की आवाज को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया और समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकारों का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किया। उनका संघर्षशील जीवन और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान के विचारों और आदर्शों को अपनाकर कमजोर एवं वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत है। उनकी पुण्यतिथि पर उनके सामाजिक संकल्पों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने कहा कि रामविलास पासवान का भारतीय राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने उन्हें संघर्ष और सेवा का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की। गंगा प्रसाद यादव ने कहा कि नई पीढ़ी को उनके जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर समाजहित में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन मुकेश पांडेय ने किया। अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा में महंत त्रिभुवन पांडेय, बंशी यादव, पंकज सिंह, राकेश दुबे, पारस तिवारी, गंगा यादव, ललन पांडेय, ध्रुव पांडेय, अनिल सिंह, विष्णु गुप्ता, शुक्ला सुकन्या देवी, रानी देवी, अपर्णा सिंह, मंजू देवी, रितेश कुमार निकुं, मुकेश सोनी, नागमणि कुमार, आनंद सिंह, त्रेत्री देवी, ओमप्रकाश, रघुवीर यादव, अंजू देवी, सुदर्शन पासवान, रामसुंदर पासवान, सुरेंद्र पासवान, चंद्रिका पासवान, राम लखन पासवान, टीटू भुइयां, दलहन भुइयां सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
Report By Ram Kumar ( Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha




0 टिप्पणियाँ