RAMGARH : जमीन विवाद में सब-रजिस्ट्रार की गई जान ◆लाठी एवं पत्थरों से पीट- पीटकर की गई बेरहमी से हत्या।

  RAMGARH : जमीन विवाद में सब-रजिस्ट्रार की गई जान

◆लाठी एवं पत्थरों से पीट- पीटकर की गई बेरहमी से हत्या। 


मांडू(रामगढ़), झारखंड। 

रामगढ़ जिले से एक बेहद खौफनाक एवं हैरान करने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहाँ के मांडू थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर गिरिडीह के सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की लाठी-डंडों, ईंट और पत्थरों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बालेश्वर पटेल हूल दिवस की छुट्टी पर अपने पैतृक गाँव आए हुए थे। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और प्रशासनिक महकमे में भी शोक की लहर है।

सुबह के वक्त जमीन देखने गए थे बालेश्वर पटेल

घटना मंगलवार सुबह की है। बताया जा रहा है कि लगभग 53 वर्षीय बालेश्वर पटेल ने कुछ महीने पहले ही गांव के ही महेश प्रसाद (स्व. रामप्रसाद साव के परिवार) से करीब 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी और उसकी रजिस्ट्री भी कराई थी। इस जमीन पर उन्होंने अपना घर बनाने के लिए डीप बोरिंग करवाई थी। मंगलवार की सुबह जब वह अपनी इस नई जमीन पर लगे समर्सिबल पंप और बोरिंग में पाइप डालने का काम देखने पहुंचे, तभी वहाँ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते करीब एक दर्जन महिला और पुरुषों ने उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही उड़ चुके थे प्राण पखेरु

हमले में बालेश्वर पटेल को गंभीर चोटें आईं और वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने की कोशिश भी की गई, लेकिन हमलावर किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में राँची रोड स्थित ‘दी होप हॉस्पिटल’ लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही मांडू विधायक तिवारी महतो, जिला परिषद सदस्य सर्वेश सिंह और स्थानीय मुखिया समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुँच गए।

पत्नी ने आवेदन देकर लगाया साजिश का आरोप

मृतक की पत्नी रीता देवी ने इस मामले में मांडू थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में रामू साव उर्फ ज्ञानी साव, विष्णु कुमार, संतोष साव उर्फ पम्पम, पूजा देवी, रूबी देवी, शकुंतला देवी, नन्दु और उनकी बेटी डोली कुमारी सहित कुल आठ लोगों को नामजद किया है। इसके साथ ही उन्होंने हुवाग गाँव के हेमंत पांडे और दिनेश्वर साव पर भी इस पूरी वारदात की साजिश रचने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वहाँ से भाग निकले।

पुलिस आई हरकत में, चार लोगों को हिरासत में लिया

घटना की जानकारी मिलते ही मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर और अस्पताल पहुँचे। रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक स्पेशल टीम बनाई गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक एक महिला और तीन पुरुषों समेत कुल चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और बहुत जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।






Report By Sujit Sinha (Ramgarh, Jharkhand) 

By Madhu Sinha

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ