RAMGARH : गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की हुई मौत
◆ ताशा पार्टी के सदस्यों से भरी पिकअप और कोयला लदे ट्रक की आमने-सामने की टक्कर
◆ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
रजरप्पा (रामगढ़), झारखंड ।
रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग स्थित बारलोंग के पास गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेजा गया, जहां एक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। हादसे में मरने वाले 6 मारंगमर्चा गांव के हैं। एक अन्य समाजसेवी की भी मौत हुई है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। इस दुखद घटना के बीच मुस्लिम समाज ने सद्भावना की मिसाल कायम की और मुहर्रम का जुलूस नहीं निकालने का फैसला लिया है।
◆आमने-सामने की टक्कर में पिकअप वाहन के उड़े परखच्चे
जानकारी के अनुसार, पिकअप सवारी वाहन में सवार ताशा पार्टी के सदस्य गोला से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई एक अन्य की मौत रिम्स में हुई।
◆ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर कई किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद आए दो एम्बुलेंस को सड़क के बीचोंबीच लगाकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर रजरप्पा, रामगढ़ और गोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
◆पुलिस ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सामान्य करने में जुटी हुई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।
◆तीन दिनों में 12 लोगों की हुई मौत
ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे आजसू नेता
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों के साथ आजसू नेता पीयूष चौधरी, मुखिया रेखा देवी बारलोंग स्थित एनएच- 23 में ही धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले तीन दिनों में एक ही स्थान पर 12 लोगों की मौत हो गई, लेकिन रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा सड़क दुर्घटना रोकने को लेकर कोई विशेष पहल नहीं की गई। ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण करने, स्ट्रीट लाइट लगाने, डिवाइडर, सीसीटीवी कैमरा लगाने सहित कई मांग की। घटना की सूचना पर एसडीपीओ अनूप रंजन, हेडक्वार्टर डीएसपी अकरम रज्जा, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
Report By Sujit Sinha (Rajrappa, Ramgarh, Jharkhand)
By Madhu Sinha


0 टिप्पणियाँ