LATEHAR : बाल संरक्षण मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश, उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक।

 LATEHAR : बाल संरक्षण मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश, उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक। 

लातेहार, झारखंड  ।

उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं जिला समाज कल्याण विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रीना कुमारी ने बताया कि फरवरी माह में जिले में बाल संरक्षण से जुड़े कुल 17 मामले दर्ज किए गए, जिनमें बाल श्रम के 2, बाल विवाह के 2, अपहरण के 3, गुमशुदा बच्चों के 4, पॉक्सो एक्ट के 5 तथा एसएनसीपी का 1 मामला शामिल है।

बैठक के दौरान मिशन वात्सल्य और जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास, स्पॉन्सरशिप, चाइल्ड हेल्पलाइन तथा संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है।


जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के क्रम में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, पोषण अभियान, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, पोषण ट्रैकर, आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारभूत संरचना एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा पोषण आहार वितरण, वजन मापन, टीकाकरण और लाभुक पंजीकरण की अद्यतन स्थिति की निगरानी सुनिश्चित की जाए।

साथ ही उन्होंने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को 31 मार्च तक आंगनवाड़ी केंद्रों में रिक्त सेविका और सहायिका के पदों पर नियुक्ति करने का निर्देश दिया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अल्का हेंब्रम, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रीना कुमारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य, महिला पर्यवेक्षिका एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।






Report By Ram Kumar (Latehar, Jharkhand) 

By Madhu Sinha

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ