LATEHAR : लातेहार में रामनवमी पर भव्य आयोजन, अखाड़ों का मिलान व शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र।

LATEHAR : लातेहार में रामनवमी पर भव्य आयोजन, अखाड़ों का मिलान व शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र। 

लातेहार, झारखंड।

रामनवमी पर्व के अवसर पर शुक्रवार की शाम मुख्य अखाड़ा महासमिति थाना चौक द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पूर्व मंत्री सह महासमिति के मुख्य संरक्षक वैद्यनाथ राम सहित अन्य अतिथियों का पदाधिकारियों द्वारा पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।


उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलना ही रामनवमी का मूल उद्देश्य है और सभी से सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की। वहीं पूर्व मंत्री वैद्यनाथ राम ने कहा कि श्रीराम के जीवन मूल्यों को अपनाकर ही रामराज्य की कल्पना साकार हो सकती है। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, नगर अध्यक्ष महेश सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।


मौके पर डीडीसी सैयद रियाज अहमद, एसडीओ अजय कुमार रजक, एसडीपीओ अरविंद कुमार सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इधर गारू प्रखंड में भी रामनवमी जुलूस भव्यता के साथ निकाला गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम:

रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। विभिन्न चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी भी की गई।


अखाड़ों का हुआ मिलान:

मुख्य कार्यक्रम के बाद थाना चौक पर विभिन्न अखाड़ा समितियों का जुटान हुआ। पारंपरिक लाठी-डंडों के साथ पहुंचे प्रतिभागियों ने शानदार करतब दिखाए। विभिन्न समितियों द्वारा आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं।


पुरस्कार वितरण होगा:

महासमिति के महामंत्री राजन तिवारी ने बताया कि कुल 18 अखाड़ों के मिलान के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो स्थानीय बाजार टांड़ तक पहुंचेगी। इसके उपरांत अखाड़ा समितियों को पुरस्कृत किया जाएगा।




Report By Ram Kumar (Latehar, Jharkhand) 

By Madhu Sinha

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ