JHARKHAND : नंद घर ने कोडरमा, झारखंड में 150 नंद घर विकसित करने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ किया समझौता; CSR के तहत ESL स्टील लिमिटेड देगा सहयोग

JHARKHAND :  नंद घर ने कोडरमा, झारखंड में 150 नंद घर विकसित करने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ किया समझौता; CSR के तहत ESL स्टील लिमिटेड देगा सहयोग 


झारखंड 

ग्रामीण विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नंद घर ने झारखंड के कोडरमा जिले में महिला एवं बाल विकास (WCD) विभाग के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर माननीय केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी एवं कोडरमा के जिला उपायुक्त श्री ऋतुराज (IAS) उपस्थित रहे। 

यह समझौता जिले के ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बोकारो जिले में पहले से संचालित 150 नंद घरों की सफलता के बाद, यह साझेदारी झारखंड में नंद घर की उपस्थिति को और मजबूत करते हुए कोडरमा में विस्तार का मार्ग प्रशस्त करती है।  

इस साझेदारी के तहत कोडरमा में 150 नंद घर विकसित किए जाएंगे, जो समग्र ग्रामीण विकास के आधुनिक केंद्र के रूप में कार्य करेंगे। ये केंद्र बच्चों को पौष्टिक आहार, प्रारंभिक शिक्षा, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं तथा महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर प्रदान करेंगे।  

झारखंड में कार्यरत वेदांता समूह की सहायक कंपनी ESL स्टील लिमिटेड अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत इस पहल में सक्रिय सहयोग प्रदान करेगी और क्षेत्र में सामुदायिक विकास को और सशक्त बनाएगी।

इस अवसर पर कोडरमा के उपायुक्त श्री ऋतुराज (IAS) ने कहा,

“यह साझेदारी कोडरमा में जमीनी स्तर पर सेवाओं को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वेदांता द्वारा 150 नंद घरों का विकास पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाएगा।”  

नंद घर के सीईओ श्री शशि अरोड़ा ने कहा,

“हम महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ मिलकर महिलाओं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह पहल जरूरतमंदों तक बेहतर पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और सशक्तिकरण के अवसर पहुंचाने में सहायक होगी।”  

ईएसएल स्टील लिमिटेड के डिप्टी सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक श्री रवीश शर्मा ने कहा, “झारखंड में कार्यरत वेदांता समूह की कंपनी होने के नाते, ESL स्टील लिमिटेड समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। नंद घर परियोजना में हमारा सहयोग पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह साझेदारी ग्रामीण समुदायों के सशक्त और स्वस्थ भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी।”

यह पहल आंगनवाड़ी प्रणाली को तकनीक, बुनियादी ढांचे और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सुदृढ़ करते हुए ग्रामीण परिवर्तन का एक टिकाऊ मॉडल तैयार करेगी।






By Madhu Sinha

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ