DUMKA/RANCHI : विधायक के यहां काम करने वाले रसोइये की संदिग्ध मौत, विधायक समेत नौ पर हत्या की प्राथमिकी ।
दुमका/रांची, झारखंड ।हंसडीहा थाना क्षेत्र के नौनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के यहां रसोइये के रूप में काम करने वाले 30 वर्षीय सोनू राउत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर विधायक देवेंद्र कुंवर, उनके दामाद समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मृतक के चाचा सुनील राउत के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है।
परिजनों के अनुसार, सोनू पिछले करीब छह महीने से विधायक के यहां रहकर खाना बनाने का काम कर रहा था। सोमवार की देर शाम परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद सोनू के चाचा सुनील राउत और मां मुन्नी देवी मौके पर पहुंचे, जहां सोनू का शव मिला।
मृतक की पत्नी शिल्पी कुमारी ने विधायक और उनके परिवार के सदस्यों पर सोनू की हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। वहीं, सोनू के चाचा ने भी हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों के मुताबिक, सोनू करीब छह दिन पहले ही छुट्टी से वापस काम पर लौटा था।
विधायक दामाद के साथ बाहर
पुलिस के अनुसार, विधायक देवेंद्र कुंवर अपने दामाद के साथ पिछले कुछ दिनों से बाहर हैं। घर के अन्य सदस्यों ने भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोनू की मौत किन परिस्थितियों में और कब हुई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
बेटे की मौत की खबर से पिता की तबीयत बिगड़ी
इधर, बेटे सोनू की मौत की खबर मिलने के बाद उसके पिता अनिल राउत की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें देवघर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
By Madhu Sinha

0 टिप्पणियाँ