LATEHAR : वार्ड पांच में बदलाव की बयार या विकास का दावा ! तीन प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला ।
लातेहार, झारखंड ।
नगर निकाय चुनाव के मतदान की तारीख अब एक सप्ताह से भी कम रह गई है। जैसे-जैसे मतदान का दिन नजदीक आ रहा है, प्रत्याशियों का प्रचार-प्रसार अभियान तेज हो गया है। वार्ड संख्या 5, जो महिलाओं के लिए आरक्षित है, इस बार खासा चर्चा में है। यहां से तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं और मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है।
वार्ड के स्थानीय निवासी मो. लियाकत अंसारी, मो. आजाद, संदीप कुमार और जैना बैगम सहित कई लोगों ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि नाली निर्माण और नियमित साफ-सफाई नहीं होने से इलाके की स्थिति बदतर हो गई है। जैना बैगम ने बताया कि उनके घर के सामने नाली का कचरा कई दिनों से सड़क पर पड़ा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है। सईद अंसारी ने भी स्ट्रीट लाइट की कमी और गंदगी की समस्या उठाई।
वहीं निवर्तमान वार्ड पार्षद प्रमिला देवी ने अपने कार्यकाल में विकास कार्य होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि नालियों और सड़कों का निर्माण कराया गया है, शेष कार्यों को दोबारा मौका मिलने पर पूरा किया जाएगा।
दूसरी प्रत्याशी शब्बु परविन ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कई सड़कों और तालाब से जुड़ी योजनाएं अधूरी या गायब हैं।
तीसरी प्रत्याशी रूबी देवी ने जनता से सीधे जुड़े रहने का दावा करते हुए कहा कि उन्हें मौका मिला तो रोजाना साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर प्राथमिकता से काम करेंगी।
चुनाव चिन्ह:
प्रमिला देवी – अलमारी
रूबी देवी – बेबी वॉकर
शब्बु परविन – बल्ला
कुल मतदाता: 1498
(बूथ 1: पुरुष 374, महिला 379 | बूथ 2: पुरुष 364, महिला 381) अब देखना दिलचस्प होगा कि वार्ड पांच की जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करती है या फिर विकास के दावों पर भरोसा जताती है।
Report By Ram Kumar (Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha

0 टिप्पणियाँ