New Delhi : राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि...!!
नई दिल्लीमाननीया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हेमंत सोरेन से मुलाकात कर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। शिबू सोरेन का सोमवार सुबह लंबी बीमारी के बाद 81 साल की आयु में निधन हो गया था।
राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स अकाउंट से कुछ तस्वीरें भी शेयर की गईं, जिसमें राष्ट्रपति मुर्मु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए नजर आ रही हैं। साथ ही उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर संवेदना भी प्रकट की। राष्ट्रपति के एक्स हैंडल से फोटो शेयर करते हुए लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल जाकर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।”राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने अपने शोक संदेश में कहा, “शिबू सोरेन का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। उन्होंने आदिवासी अस्मिता और झारखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया। जमीनी स्तर पर काम करने के अलावा, उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी योगदान दिया।”
By Madhu Sinha
0 टिप्पणियाँ