JHARKHAND : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी मुखाग्नि, राहुल गांधी और खड़गे भी हुए शामिल ।
झारखंड ।झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का आज यानी मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में अंतिम संस्कार किया गया। सीएम हेमंत सोरेन ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हुए।
रांची से रामगढ़ जाने के दौरान कई जगह लोगों ने श्रद्धांजलि दी। मोरहाबादी स्थित उनके सरकारी आवास से विदाई यात्रा शुरू हुई, जो सबसे पहले विधानसभा पहुंची। यहां कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक जगत से जुड़े लोगों ने अपने नम आंखों से गुरु जी को श्रद्धांजलि दी। मोरहाबादी से विधानसभा परिसर तक गुरु जी अंतिम जोहार,विनम्र श्रद्धांजलि नाम से बड़े-बड़े होर्डिंग उनके यादों को ताजा कर रही थी।पैतृक गांव रामगढ़ के नेमरा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन पंचतत्व में विलीन हो गए। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई में लोगों का जनसैलाब उमड़ा। नम आंखों से लोगों ने गुरुजी को विदाई दी। इससे पूर्व मंगलवार अपराह्न करीब 2.30 बजे दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नेमरा पहुंचा। वाहन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बेटे बसंत सोरेन अपने पिता के सिरहाने बैठ थे। पैतृक घर पहुंचने के बाद संथाली रीति रिवाज से अंतिम विदाई की तैयारी की गई। सोरेन परिवार के पूर्वजों का अंतिम संस्कार जिस घाट पर होता है,वहीं दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भी मुखाग्नि दी गई। मुखाग्नि के दौरान भारी बारिश के बीच हजारों नम आंखों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। शिबू सोरेन अमर रहे का नारा पूरे इलाके में गुंजायमान होता रहा। दिशोम गुरु की अंतिम यात्रा उनके घर से अपराह्न करीब 3.40 बजे निकली। करीब 4.15 बजे उन्हें मुखाग्नि दी गई। गुरुजी की अंतिम यात्रा में कई नेता,मंत्री,सांसद,विधायक,राज्य की चीफ सेक्रेटरी अलका तिवारी,डीजीपी अनुराग गुप्ता,प्रधान सचिव अविनाश कुमार के अलावा कई जिलों के एसपी,डीसी सहित अन्य अधिकारी और वीआईपी मौजूद थे।शिबू सोरेन के प्रति लोगों का जुनून,दीवानगी या सम्मान ही कह लें,नेमरा गांव में लोग बारिश को मात देकर उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे। लोगों को छाता लिए उनके अंतिम क्रिया के लिए बेचैन होते देखा गया। कुदरत भी शायद झारखंड की इस महान शख्सियत पर आज भावुक हो गई।इससे पहले मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने मोरहाबादी स्थित उनके आवास पर गुरुजी के अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि दी।शिबू सोरेन के करीबियों में गिने जाने वाले पूर्व सीएम चंपाई सोरेन भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इसके साथ ही पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, आप सांसद संजय सिंह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रांची पहुंचे।फिर पार्थिव शरीर उनके आवास से विधानसभा पहुंचा। जहां राज्यपाल संतोष गंगवार, स्पीकर रवींद्र महतो समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।पूर्णिया सांसद ने पूर्व मुख्यमंत्री को आदिवासी अस्मिता और संघर्ष का प्रतीक बताते हुए X पर लिखा- शिबू सोरेन जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने भी भारत रत्न देने की मांग की है।By Madhu Sinha
0 टिप्पणियाँ