RANCHI : *गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक शुरू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया केंद्रीय मंत्री अमित शाह का स्वागत*
*रांची, झारखंड ।*
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक शुरू हो गई है। बैठक रांची के रेडिशन ब्लू होटल में की जा रही है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अमित शाह को अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया। इसके साथ उन्होंने अमित शाह को पौधा और मोमेंटो भी दिया। बैठक में गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और साथ ही अन्य राज्यों के मंत्री भी मौजूद हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का स्वागत झारखंड के वृत मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने किया। इस बैठक में कुल 68 लोग हिस्सा ले रहे हैं। जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री दीपक बिरुआ, मुख्य सचिव अलका तिवारी, गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, डीजीपी अनुराग गुप्ता, बिहार सरकार के 2 मंत्री विजय चौधरी और सम्राट चौधरी, ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, डीप्टी सीएम पार्वती परिदा, मंत्री मुकेश महालिंग और पश्चिम बंगाल के मंत्री चंद्रिका भट्टाचार्य शामिल हैं। आपको बता दें कि बैठक में भाग लेने के लिए अमित शाह रात करीब 10:30 बजे रांची पहुंचे। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी 15 दिन बाद दिल्ली से रांची लौटे। पूर्वी क्षेत्रीय परिषद् की बैठक का पूरा कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक का है। बैठक में झारखंड से कुल 15 सदस्यीय टीम सम्मिलित हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बैठक में 20 प्रस्तावों पर चर्चा होगी। बैठक के दौरान झारखंड की ओर से कई मांगें रखी जाएंगी, जिनमें केंद्र को झारखंड का बकाया 1 लाख 36 करोड़ रुपये, नक्सल प्रभावित जिलों को पहले से मिल रही विशेष केंद्रीय सहायता को फिर से शुरू करना, राज्य में पिछड़ेपन और कुपोषण को दूर करने के लिए विशेष पैकेज आदि शामिल हैं।
Report By Devanand Sinha (Ranchi, Jharkhand)
By Madhu Sinha
0 टिप्पणियाँ