RANCHI,JHARKHAND#झारखंड विधानसभा में अनिल टाइगर हत्याकांड का मामला गरमाया, विधानसभा के बाहर भाजपा का प्रदर्शन, स्पीकर ने कार्यवाही की स्थगित।
रांची, झारखंड ।
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 20वें दिन गुरुवार को भाजपा नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर की हत्या का मामला सदन में गूंज उठा, जिसके चलते जोरदार हंगामा हुआ और कार्यवाही 12:55 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
नाराज भाजपा के विधायक सदन की सीढ़ियों पर तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए धरना पर बैठ गए। धरना पर बैठे भाजपा विधायकों का कहना है कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है और अपराधी बेखौफ हो गए हैं। उनका कहना था कि राज्य में फिर से जंगलराज लौट आया है। भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि सभी विधायक प्रदर्शन कर रहे हैं। विधायकों ने हेमंत सरकार को हत्यारी सरकार बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
आपको बता दें कि सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही भाजपा विधायकों ने राज्य में बिगड़ती विधि व्यवस्था के खिलाफ धरना दिया। विपक्षी विधायकों ने कानून व्यवस्था सुधारने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो के सदन में आसन ग्रहण करते ही भाजपा के सीपी सिंह ने अनिल टाइगर के हत्या का मामला उठाया। राज्य के नगर विकास मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने कहा कि क्या कारण है कि हजारीबाग आज एपिक सेंटर बना हुआ है। उन्होंने कहा कुछ लोग कानून व्यवस्था खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। हत्या की घटना दुखद है।
इसी दौरान भाजपा के सदस्य सदन के बीच में आ गए और हंगामा करने लगे। बाद में सत्ता पक्ष के कई मंत्री और विधायक सदन के बीच में आकर भाजपा के खिलाफ बोलने लगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को व्यवस्थित करने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। बाद में विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12 बजकर 55 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज अंतिम दिन है।
By Madhu Sinha
0 टिप्पणियाँ