LATEHAR : लिखित आश्वासन पर टूटा वनाधिकार पट्टा आंदोलन, लाल मोती नाथ शाहदेव की पहल पर धरना समाप्त”।।

LATEHAR : लिखित आश्वासन पर टूटा वनाधिकार पट्टा आंदोलन, लाल मोती नाथ शाहदेव की पहल पर धरना समाप्त”।। 


लातेहार, झारखंड ।

 वनाधिकार पट्टा की मांग को लेकर वन प्रमंडल कार्यालय के समक्ष ग्रामीणों द्वारा शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। धरने का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता धोती फादर एवं मुनेश्वर उरांव ने किया। विभिन्न प्रखंडों से वनाधिकार समितियों के सदस्य और बड़ी संख्या में लाभुक धरना स्थल पर पहुंचे थे।धरने को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता धोती फादर ने कहा कि वर्ष 2006 में वनाधिकार कानून पारित हुआ, लेकिन करीब 20 वर्ष बीत जाने के बावजूद इसका सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं हो सका है। उन्होंने वन विभाग पर हठधर्मिता और प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रामीणों को वनाधिकार पट्टा मिलने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया था। मुनेश्वर उरांव ने कहा कि पूर्व में भी ग्रामीणों को आश्वासन मिला था, लेकिन लंबित मामलों का निष्पादन नहीं किया गया।ग्रामीणों ने स्पष्ट किया था कि मांग पूरी होने तक वे धरना स्थल पर ही भोजन बनाकर खाएंगे और रात भी वहीं बिताएंगे।इधर, मामले की जानकारी मिलने पर झामुमो जिलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर मामले में पहल की और धरना समाप्त करने की अपील की। इसके बाद उन्होंने मौके से ही दूरभाष पर उपायुक्त से वार्ता की। वार्ता में सहमति बनी कि दुर्गा पूजा की छुट्टी के बाद 23 अक्टूबर को वनाधिकार पट्टा से संबंधित मामलों को लेकर बैठक आयोजित की जाएगी तथा उसी दिन से नियमानुसार प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


धरना स्थल पर प्रदर्शनकारी उपायुक्त को बुलाने की मांग कर रहे थे। इसके बाद एसडीओ दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को उपायुक्त के निर्देश से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आगामी 23 अक्टूबर को प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल, डीएफओ लातेहार एवं जिला प्रशासन की उपस्थिति में बैठक होगी। बैठक में वनाधिकार पट्टा से जुड़े मामलों पर नियमानुसार विचार करते हुए पट्टा निर्गत करने की कार्रवाई की जाएगी


एसडीओ के आश्वासन और लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। इस प्रकार लाल मोती नाथ शाहदेव की पहल और प्रशासन की ओर से मिले लिखित आश्वासन के बाद अनिश्चितकालीन धरना समाप्त हुआ।







Report By Ram Kumar ( Latehar, Jharkhand) 

By Madhu Sinha

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ