LATEHAR : पत्रकारों से दुर्व्यवहार की झामुमो जिला प्रवक्ता सुशील कुमार यादव ने की कड़ी निंदा।
लातेहार/बालूमाथ, झारखंड।
प्रखंड सह अंचल परिसर में आयोजित पर्यावरण लोकसुनवाई कार्यक्रम के दौरान समाचार संकलन के लिए पहुंचे पत्रकारों एवं मीडियाकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की झामुमो लातेहार जिला प्रवक्ता सुशील कुमार यादव ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पत्रकारों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की बात कही।
एनएलसी इंडिया लिमिटेड के नॉर्थ धाधू वेस्ट पार्ट कोल ब्लॉक के लिए आयोजित पर्यावरण लोकसुनवाई की कवरेज के दौरान पत्रकारों को कथित रूप से रोके जाने के मामले को लेकर बालूमाथ के रॉयल होटल में पत्रकारों की आपात बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पत्रकार सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने की। बैठक में पत्रकारों ने पूरे घटनाक्रम पर चर्चा की। पत्रकारों का आरोप था कि उन्हें समाचार कवरेज से रोकने का प्रयास किया गया।
इस दौरान रांची से पहुंचे पत्रकार तीर्थनाथ कुशवाहा ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित लोगों से माफी की मांग की। पत्रकारों ने भी निर्णय लिया कि माफी नहीं मांगने तक ग्रामीणों द्वारा आयोजित आगामी कार्यक्रमों एवं बैठकों के कवरेज पर उचित निर्णय लिया जाएगा।
झामुमो जिला प्रवक्ता सुशील कुमार यादव ने कहा कि लोकसुनवाई जैसे जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में मीडिया की मौजूदगी पारदर्शिता के लिए जरूरी है। पत्रकारों के कार्य में बाधा डालना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने सभी पक्षों से आपसी संवाद के माध्यम से मामले का समाधान करने की अपील की।
Report By Ram Kumar ( Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha

0 टिप्पणियाँ