LATEHAR : सड़क हादसों में कमी लाने के लिए सुरक्षा उपाय तेज करने का निर्देश।
लातेहार, झारखंड ।
उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। बताया गया कि जुलाई माह में जिले में 12 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 8 लोगों की मौत हुई तथा कई लोग घायल हुए। इस पर उपायुक्त ने गंभीर चिंता जताते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने घुमावदार सड़कों पर टर्निंग साइनेज, सड़क सुरक्षा साइनेज, रबल स्ट्रिप और आवश्यक स्थानों पर सर्कुलर मिरर लगाने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क किनारे की झाड़ियों की सफाई तथा बारिश से बने गड्ढों को शीघ्र भरने को कहा।
महुआडांड़ क्षेत्र में विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाने का निर्देश देते हुए रोड सेफ्टी टीम को सप्ताह में कम-से-कम एक दिन वहां जाकर हेलमेट जांच, प्रदूषण जांच और जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। उपायुक्त ने हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों के पालन को लेकर नियमित अभियान पर जोर दिया। बैठक में एसपी कुमार गौरव समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Report By Ram Kumar ( Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha

0 टिप्पणियाँ