LATEHAR : कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता योजनाओं की समीक्षा, डीसी ने दिए आवश्यक निर्देश।
लातेहार, झारखंड ।
उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में कृषि, पशुपालन, गव्य विकास एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों और ग्रामीणों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान वर्षापात, बीज वितरण, बिरसा फसल विस्तार योजना 2026-27, कृषक प्रशिक्षण, फसल उत्पादन, केंद्र प्रायोजित योजनाओं तथा मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता कार्यक्रम की स्थिति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा सहित अन्य योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने का निर्देश दिया।
बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले वैज्ञानिक के प्रति उपायुक्त ने नाराजगी जताई और शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत लाभुकों के बीच पशु वितरण सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया। पशुओं के नियमित टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और पशुपालकों के बीच जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
सहकारिता विभाग की योजनाओं, निर्माणाधीन एवं लैम्प्स में बने गोदामों तथा कोल्ड रूम की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी नेहा निश्चल, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुषमा प्रधिया, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला गव्य विकास पदाधिकारी हरि कृष्ण, जिला सहकारिता पदाधिकारी आशा टोप्पो सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Report By Ram Kumar ( Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha



0 टिप्पणियाँ