RAMGARH : चितरपुर के शिव शंकर ज्वेलर्स में लगभग एक करोड़ की हुई डकैती
◆भागते दो अपराधियों को ग्रामीणों ने पकड़ा, एसपी पहुंचे
◆दोपहर 3 बजे की घटना ने झकझोर कर रख दिया।
रजरप्पा(रामगढ़), झारखंड ।
जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर रजरप्पा मोड़ पर मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे फिल्मी अंदाज में बड़ी डकैती की घटना को अपराधियों द्वारा अंजाम दिया गया। 5 से 6 की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने एक के बाद एक ज्वेलर्स दुकानों की रैकी की और अंततः शिव शंकर ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए लगभग एक करोड़ रुपये के आभूषण और नगदी लूटकर फरार होने की कोशिश की। हालांकि ग्रामीणों ने दो अपराधियों को पकड़ने में सफलता पाई हैl वहीं घटना की सूचना मिलने पर जिला के पुलिस अधीक्षक घटनस्थल पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी अपराधी बाइक से पहुंचे और सबसे पहले उत्तम ज्वेलर्स में घुसे। वहां उन्होंने ग्राहक बनकर आभूषण देखने का नाटक किया। लेकिन दुकानदारों की सतर्कता के कारण वे कुछ हासिल नहीं कर सके। इसके बाद अपराधी शिवनारायण ज्वेलर्स पहुंचे, वहाँ भी उनकी योजना सफल नहीं हो पाई। दुकानदारों के अलर्ट रहने के कारण वे बिना कुछ किए वहां से निकल गए। अंत में अपराधियों ने बगल में स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स को अपना निशाना बनाया। दुकान में घुसते ही उन्होंने संचालक विष्णु वर्मा से सोने की चेन दिखाने को कहा। जैसे ही मौका मिला, एक अपराधी ने पिस्टल निकालकर विष्णु वर्मा पर तान दी और बाकी अपराधियों ने तेजी से दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी समेटना शुरू कर दिया।
अपराधियों ने बेहद कम समय में लाखों रुपये के गहने और नकदी अपने कब्जे में कर लिए। अचानक हुई इस वारदात से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान विष्णु वर्मा के छोटे भाई विवेक वर्मा ने साहस दिखाते हुए आसपास के लोगों को आवाज लगाकर इकट्ठा किया। उन्होंने दुकान की ग्रिल बंद करने का प्रयास किया, जिससे अपराधियों के भागने का रास्ता बाधित हो सके। हालांकि 3-4 अपराधी लूट का सामान लेकर भागने में सफल हो गए, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो अपराधियों को मौके पर ही पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पकड़े गए अपराधियों की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेजा। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, मोबाइल फोन और बाइक भी बरामद की है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत तुरंत घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जांँच शुरू की। उन्होंने व्यवसायियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। एसपी ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। फरार अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। लूटे गए आभूषण और नगदी की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। इस बड़ी वारदात के बाद चितरपुर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। ज्वेलर्स के मालिक ने बताया कि कुछ माह पूर्व मेरी स्कॉर्पियो भी चोरी हुई थी जो आज तक बरामद नहीं हुई, हालाँकि आरोपी को जमानत मिल चुकी है।
Report By Sujit Sinha (Rajrappa, Ramgarh, Jharkhand)
By Madhu Sinha



0 टिप्पणियाँ