MUMBAI : वेदांता लिमिटेड का दमदार प्रदर्शन: तीसरी तिमाही में मुनाफ़ा 60% बढ़कर ₹7,807 करोड़*
मुंबई, महाराष्ट्र ।वेदांता लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में शानदार नतीजे दर्ज किए हैं। कंपनी का कर के बाद मुनाफ़ा सालाना आधार पर 60 फीसदी बढ़कर ₹7,807 करोड़ हो गया है।
इस तिमाही में कंपनी की आय ₹45,899 करोड़ रही, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 19 फीसदी अधिक है। वहीं, कंपनी का EBITDA ₹15,171 करोड़ दर्ज किया गया, जिसमें 34 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। बेहतर संचालन और लागत नियंत्रण के चलते EBITDA मार्जिन बढ़कर 41 फीसदी तक पहुँच गया।
वेदांता की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हो रही है। कंपनी का नेट कर्ज़ बनाम EBITDA अनुपात 1.40 गुना से घटकर 1.23 गुना रह गया है। वहीं, निवेश पर मिलने वाला रिटर्न (ROCE) 27 फीसदी रहा।
कंपनी ने वित्त वर्ष 26 के पहले नौ महीनों में विकास और विस्तार कार्यों पर करीब 1.3 अरब डॉलर का निवेश किया है। इस दौरान वेदांता के सभी प्रमुख कारोबारों में मज़बूत और रिकॉर्ड उत्पादन दर्ज किया गया। *एलुमिनियम उत्पादन 620 किलोटन रहा *एलुमिना उत्पादन 57 फीसदी बढ़कर 794 किलोटन पहुँचा *जिंक इंडिया में खनन और परिष्कृत धातु उत्पादन में बढ़ोतरी हुई *आयरन ओर और पिग आयरन उत्पादन में इज़ाफा दर्ज किया गया *कॉपर कैथोड का उत्पादन पिछले सात सालों में सबसे अधिक रहा *पावर कारोबार में बिक्री 61 फीसदी बढ़ी ।
तिमाही के दौरान वेदांता को अपने प्रस्तावित डीमर्जर के लिए माननीय एनसीएलटी से मंज़ूरी मिली है। इसके बाद CRISIL और ICRA ने कंपनी की AA क्रेडिट रेटिंग को बरकरार रखा है। कंपनी के शेयरों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और इस तिमाही में निवेशकों को करीब 30 फीसदी का रिटर्न मिला है। वहीं, पिछले पाँच वर्षों में वेदांता ने निवेशकों को 428 फीसदी का कुल रिटर्न दिया है।
*कंपनी प्रबंधन की प्रतिक्रिया*
वेदांता लिमिटेड के एग्ज़ीक्यूटिव डायरेक्टर अरुण मिश्रा ने कहा कि यह तिमाही कंपनी के लिए बेहद अहम रही है। सभी प्रमुख कारोबार में रिकॉर्ड प्रदर्शन के साथ डीमर्जर की मंज़ूरी वेदांता के अगले विकास चरण की मज़बूत नींव रखती है।
वहीं, कंपनी के चीफ़ फाइनेंशियल ऑफिसर अजय गोयल ने कहा कि मुनाफ़े, आय और EBITDA में हुई बढ़ोतरी से कंपनी की वित्तीय मजबूती और बाज़ार का भरोसा साफ़ झलकता है।
By Madhu Sinha

0 टिप्पणियाँ