ROURKELA : संपत्ति विवाद में दोहरी हत्या, छोटे भाई ने बड़े भाई और भाभी की फरसा से की बेरहमी से हत्या
राउरकेला, ओडिशासुंदरगढ़ जिले के बिसरा प्रखंड अंतर्गत मोनको पंचायत के चिरुबेड़ा गाँव में शनिवार रात संपत्ति विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गाँव के नामजंग मुंडा (35) ने अपने बड़े भाई एन.एम. मुंडा (57) और भाभी शोभा मुंडा (50) की फरसा (लोहे के हथियार) से वार कर हत्या कर दी।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात जब एन.एम. मुंडा अपने घर में सो रहे थे, तभी नामजंग मुंडा ने उन पर बरसी से अचानक हमला कर दिया और कई बार वार किए। शोर सुनकर जब भाभी शोभा मुंडा बीच-बचाव करने पहुँचीं, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर उनकी गर्दन पर वार कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने बिसरा थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस दल मौके पर पहुँच कर दोनों शवों को बरामद कर राउरकेला सरकारी अस्पताल भेजा। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
बिसरा पुलिस ने आरोपी नामजंग मुंडा को गिरफ्तार कर थाने लाकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में ज़मीन विवाद को हत्या का मुख्य कारण बताया जा रहा है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
इस दोहरी हत्याकांड से पूरे चिरुबेड़ा गाँव और आसपास के इलाकों में दहशत और सनसनी का माहौल है।
Report By Rajiv Kushwaha (Rourkela, Odisha)
By Madhu Sinha

0 टिप्पणियाँ