Ranchi : पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता स्व. ददई दुबे को दी श्रद्धांजलि ।
*रांची, झारखंड ।*
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने रांची स्थित झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता दिवंगत चंद्रशेखर दुबे (ददई दुबे) के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सहाय ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में ईश्वर से संबल प्रदान करने की कामना की।
आपको बता दें कि झारखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व सांसद और इंटक नेता ददई दुबे का दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और इलाज के क्रम में उन्होंने राजधानी में बीते दिन गुरुवार की संध्या अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से झारखंड की सियासत और श्रमिक संगठनों में शोक की लहर है।चंद्रशेखर दुबे, जिन्हें ददई दुबे के नाम से जाना जाता था, का जन्म 2 जनवरी 1946 को हुआ था। वे बिश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रहे। झारखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य कर चुके थे। वर्ष 2013 में हेमंत सोरेन सरकार में उन्हें राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी।ददई दुबे 14वीं लोकसभा में धनबाद लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। वे लंबे समय तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़े रहे और पार्टी के कद्दावर नेताओं में शुमार थे। साथ ही, वे इंटक से संबद्ध राष्ट्रीय कोयला मजदूर संघ के महासचिव भी थे और श्रमिक आंदोलनों में उनकी सक्रिय भूमिका रही। दुबे नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य भी थे, जिन्हें झारखंड विधानसभा अध्यक्ष द्वारा नामित किया गया था।
Report By Devanand Sinha (Ranchi, Jharkhand)
By Madhu Sinha
0 टिप्पणियाँ