Rourkela : डकैत और पुलिस के बीच मुठभेड़ में दो डकैत घायल, अस्पताल में भर्ती ।
डकैतों ने ढाबा से लूटे 20,000 रुपये, एक को मारी गोली; पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो आरोपी दबोचे गए ।
राउरकेला, ओडिशा ।24 अप्रैल की रात करीब 11 बजे बिसरा थाना क्षेत्र के सरुबाहाल स्थित डुगरू ढाबा में करीब 7 से 8 हथियारबंद डकैतों ने धावा बोल दिया। बंदूक और चाकू की नोक पर उन्होंने ढाबा से करीब 20,000 रुपये लूट लिए। इस दौरान अपराधियों ने शिकायतकर्ता के पति को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया।
घटना की रिपोर्ट के आधार पर बिसरा थाना में मामला संख्या 160/25 अप्रैल को भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2)/311 बीएनएस और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की जांच इंस्पेक्टर एम. कुंभार के नेतृत्व में शुरू हुई।
पुलिस की सूझबूझ से बड़ी कामयाबी
बिसरा थाना पुलिस की त्वरित, निर्णायक और साहसिक कार्रवाई के तहत एक बाइक पर सवार चार संदिग्धों को रोका गया। खुद को घिरता देख डकैतों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस मुठभेड़ में दो डकैत — बनेश्वर सिंह (20), पुत्र देबा नारायण सिंह, और सिबनाथ सिंह (26), पुत्र पेंगू सिंह, दोनों निवासी ग्राम उडुशु जटोटोला, थाना बिसरा — पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
एक आरोपी वाहन के साथ मौके से भागने में सफल रहा, जबकि एक अन्य को पुलिस ने दबोच लिया। घायल आरोपियों को राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस कप्तान ने बताया कि मामले की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
Report By Rajiv Kushwaha (Rourkela, Odisha)
By Madhu Sinha
0 टिप्पणियाँ