LATEHAR,JHARKHAND#*लातेहार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित संगठन के नाम पर लेवी वसूलने की योजना बनाते 6 गिरफ्तार*

 LATEHAR,JHARKHAND#*लातेहार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित संगठन के नाम पर लेवी वसूलने की योजना बनाते 6 गिरफ्तार*

*लातेहार, झारखंड ।* 

जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के नाम पर लेवी वसूलने की योजना बना रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने कई अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन, और चितकबरा वर्दी भी बरामद की हैं। लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्रतिबंधित संगठन के नाम पर लेवी वसूलने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरवाडीह) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद थाना प्रभारी मनिका और सशस्त्र बल के सहयोग से यह छापेमारी अभियान चलाया गया। गिरफ्तारी ग्राम जंगुर, थाना मनिका के तहत की गई, जहां से अनिल कुमार यादव (उम्र 24 वर्ष), पिता दामोदर यादव को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर बाम मानिकपुरा के जंगल में स्थित एक तालाब के पास से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया गया। बरामदगी में चार लोहे के हथियार (राइफल जैसा दिखने वाले), एक अवैध देशी कट्टा, चार 8 एमएम के कारतूस, छह मोबाइल फोन और चार चितकबरा वर्दी शामिल हैं। अनिल यादव के साथ पांच अन्य आरोपी भी गिरफ्तार किए गए। इनकी पहचान सागर यादव (उम्र 22 वर्ष), अखिलेश यादव (उम्र 23 वर्ष), मिथिलेश यादव (उम्र 21 वर्ष), शिवनंदन यादव उर्फ शिव (उम्र 20 वर्ष) और जावेद अंसारी (उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी लातेहार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी मिलकर पिछले एक साल से ग्रामीणों और ठेकेदारों को धमकाकर और जान से मारने का भय दिखाकर जबरन लेवी वसूलने का काम कर रहे थे। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। मुख्य आरोपी अनिल कुमार यादव पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और पलामू जिले के तरहसी थाना से जेल जा चुका है। पुलिस ने इस मामले में मनिका थाना में कांड संख्या 66/2024 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिनमें बीएनएस अधिनियम, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट की धाराएं शामिल हैं। इस छापेमारी में थाना प्रभारी शशि कुमार, पु.अ.नि. सत्येंद्र कुमार, रंजन पासवान, और अन्य पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि इस कार्रवाई से जिले में उग्रवादी गतिविधियों पर लगाम लगेगी और आगे भी इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखी जाएगी।




Report By Nihit Kumar (Latehar, Jharkhand)

By Madhu Sinha 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ