RANCHI,JHARKHAND#वन विभाग, जेएसपीसीबी और सीड द्वारा शुरू अभियान में सस्टेनेबल और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने पर जोर!
झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (जेएसपीसीबी) और सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (सीड) द्वारा संयुक्त रूप से आज मिशन लाइफ (Mission LiFE ) पर जन-जागरूकता अभियान की शुरूआत हुई। यह अभियान करीब एक महीने तक विभिन्न रचनात्मक क्रियाकलापों के जरिए आगामी 5 जून 2023 को विश्व पर्यावरण दिवस के संपन्न होने तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य एक लाख लोगों को इस अभियान से जोड़ना, मिशन लाइफ के उद्देश्य के प्रति नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना और इसके मूल्यों को दैनंदिन जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अभियान के पहले दिन कई रचनात्मक गतिविधियों की कड़ी में जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के छात्रों द्वारा मिशन लाइफ के लोगो को मानव श्रृंखला के जरिये बेहद मनमोहक और आकर्षक तरीके से चित्रित कर इसके प्रति जनसमर्थन व्यक्त किया गया।
ज्ञातव्य है कि मिशन लाइफ का मतलब 'लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ से है, यानी ऐसी जीवनशैली को अपनाना और बढ़ावा देना, जो पर्यावरण को नुकसान ना पहुंचाए। इस मिशन का उद्देश्य व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर पर छोटे कदमों एवं उपायों को लागू करके जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करना है। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने देश में मिशन लाइफ पर आधारित व्यापक जागरूकता अभियान को मई और जून महीने में विश्व पर्यावरण दिवस-2023 तक मनाने का निर्णय लिया है। मिशन लाइफ के तहत सततशील जीवनशैली से संबंधित 75 कदमों को 7 श्रेणियों के तहत सूचीबद्ध किया गया है – ऊर्जा की बचत, पानी की बचत, एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक का कम उपयोग, टिकाऊ खाद्य प्रणाली, अपशिष्ट में कमी, स्वस्थ जीवन शैली अपनाना और ई-कचरा प्रबंधन। मिशन लाइफ एक अभियान के रूप में इन पर्यावरणीय क़दमों के अनुरूप रोजाना स्वस्थ जीवनशैली की तरफ बदलाव को प्रेरित करती है। इस अभियान के व्यापक परिप्रेक्ष्य एवं उद्देश्य के बारे में डॉ. संजय श्रीवास्तव (आईएफएस), प्रिंसिपल चीफ कंज़र्वेटर ऑफ़ फॉरेस्ट और हेड ऑफ़ फॉरेस्ट फ़ोर्स, वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड ने कहा कि “मिशन लाइफ अभियान का उद्देश्य एक सस्टेनेबल और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने के लिए लोगों के सामूहिक और व्यक्तिगत प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। हर व्यक्ति को अपने स्तर से सामाजिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इसके लिए सकारात्मक व्यवहार और दृष्टिकोण से जुड़ा हर छोटा प्रयास मायने रखता है। मिशन लाइफ के तहत जलवायु-अनुकूल सामाजिक मानदंडों, विश्वासों और दैनिक क्रियाकलापों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अंतर्गत राज्य में जागरूकता प्रसार एवं लोगों का सहयोग एवं समर्थन जुटाने के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।’इस अभियान के महत्व के बारे में बताते हुए श्री शशिकर सामंता (आईएफएस) अध्यक्ष, झारखंड स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने बताया कि ‘मिशन लाइफ अभियान बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके जरिये व्यक्तिगत और सामुदायिक व्यवहार को सकारात्मक ढंग से बदलने से पर्यावरण और जलवायु संकट को कम करने में मदद मिलेगी। पर्यावरण संरक्षण के समाधानपरक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने में आम नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। वैज्ञानिक समाधानों के अनुरूप सामूहिक प्रयासों से हम पर्यावरण एवं समाज को बेहतर बना सकते हैं।’ उन्होंने आगे बताया कि अभियान की शुरुआत में जेएसपीसीबी के सभी कर्मचारियों ने 10 मई को अपने परिवार, दोस्तों और लोगों को हरित और अधिक टिकाऊ भविष्य के लिए पर्यावरण के अनुकूल आदतों के महत्व के बारे में लगातार प्रेरित करने का संकल्प लिया।अभियान के तहत रचनात्मक गतिविधियों की श्रृंखला जैसे ऑडियो-विजुअल और सोशल मीडिया कैंपेन, सेंसिटाइजेशन कार्यशाला, स्कूल-कॉलेज के छात्रों के साथ स्किट, निबंध, भाषण, पेंटिंग प्रतियोगिता, लोगों के बीच नुक्कड़ नाटक, प्लेकार्ड, हस्ताक्षर अभियान, प्रदर्शनी आदि का आयोजन विभिन्न स्थानों जैसे स्कूलों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर किया जा रहा है।
इस अभियान में नागरिकों की अहम् भूमिका को रेखांकित करते हुए श्री वाई.के. दास (आईएफएस), मेंबर-सेक्रेटरी, झारखंड स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने कहा कि, "इस अभियान में सभी स्टेकहोल्डर्स का सहयोगी दृष्टिकोण एवं सामूहिक प्रयास जमीनी स्तर पर अपेक्षित परिणाम ला सकता है। हरेक नागरिक अपने स्तर से पर्यावरण अनुकूल कदम उठा कर इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में यह हमारा कर्तव्य है कि हम कार्बन फुटप्रिंट को कम करने की दिशा में पर्यावरण हितैषी एवं समाधानपरक कदम उठाएं, स्वच्छ जीवनशैली अपनाएं और एक बेहतर समाज और अर्थव्यवस्था के निर्माण में सहभागी बनें।’इस अभियान को समर्थन देते हुए सीड के सीईओ श्री रमापति कुमार ने कहा कि 'केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा शुरू मिशन लाइफ अभियान सराहनीय पहल है। स्थानीय और बॉटम-अप समाधान लाने के लिए आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। भारत परंपरागत रूप से प्रकृति के संरक्षण का प्रतीक रहा है और झारखंड की विरासत भी इसकी पुष्टि करती है। हमें पर्यावरण संरक्षण के पारम्परिक तौर-तरीकों को अपने जीवन में आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि सीड मिशन लाइफ एवं सार्वजनिक महत्व के कार्यक्रमों पर जागरूकता के प्रसार के लिए सरकारी एजेंसियों को निरंतर सहायता प्रदान करता रहेगा।यह अभियान रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में चल रहा है, जिसे प्रमुख नागरिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, मीडिया, महिलाओं और युवा समूहों और आम नागरिकों द्वारा व्यापक रूप से समर्थन मिल रहा थाReport By Sourav Ray (Ranchi, Jharkhand)
By Madhu Sinha
0 टिप्पणियाँ