RANCHI : पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय में पुलिस कार्रवाई पर Voice of Journalists ने जताई कड़ी नाराजगी, प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा पर उठाए सवाल | देवानन्द सिन्हा बोले – हमारा संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष में नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच, कानून के शासन, पत्रकारों की सुरक्षा और प्रेस की स्वतंत्रता के लिए है।

RANCHI : पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय में पुलिस कार्रवाई पर Voice of Journalists ने जताई कड़ी नाराजगी, प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा पर उठाए सवाल |

देवानन्द सिन्हा बोले – हमारा संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष में नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच, कानून के शासन, पत्रकारों की सुरक्षा और प्रेस की स्वतंत्रता के लिए है।

रांची, झारखंड।

पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय में पुलिस की कार्रवाई को लेकर पत्रकार संगठनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मामले में पत्रकारों के राष्ट्रीय संगठन Voice of Journalists ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन ने इसे स्वतंत्र पत्रकारिता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील मामला बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

गौरतलब है कि 'द भारत मित्र' के पत्रकार अभिषेक भारती ने सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक नाबालिग बच्ची के कथित यौन शोषण के गंभीर मामले को अपनी खबर के माध्यम से सार्वजनिक किया था। यह मामला फिलहाल जांच के अधीन है। इसी बीच पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय में पुलिस टीम के पहुंचने, तलाशी लेने और मीडिया संस्थान के उपकरण जब्त किए जाने की खबर सामने आने के बाद पत्रकार जगत में चिंता व्यक्त की जा रही है।

इस पूरे मामले पर Voice of Journalists के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवानन्द सिन्हा ने गहरी चिंता जताते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकारों का काम समाज, शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को निष्पक्षता के साथ जनता के सामने रखना है। यदि किसी खबर को लेकर किसी व्यक्ति को आपत्ति है, तो उसके लिए कानून में न्यायिक एवं वैधानिक विकल्प मौजूद हैं। लेकिन किसी भी परिस्थिति में पत्रकारों को भयभीत करने या स्वतंत्र पत्रकारिता के कार्य में बाधा उत्पन्न होने जैसी स्थिति नहीं बननी चाहिए।

उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं मानता और न ही किसी आरोप को बिना जांच के अंतिम सत्य मानता है। लेकिन कानून का पालन करते हुए पुलिस की प्रत्येक कार्रवाई पारदर्शी और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप होनी चाहिए।

देवानन्द सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारा संघर्ष केवल निष्पक्ष जांच, कानून के शासन, पत्रकारों की सुरक्षा और प्रेस की स्वतंत्रता के लिए है। यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकारों की रक्षा के लिए है।

Voice of Journalists ने राज्य सरकार एवं पुलिस के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय में हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। कार्यालय में प्रवेश, तलाशी और मीडिया उपकरणों की जब्ती के कानूनी आधार को स्पष्ट किया जाए। साथ ही पत्रकार अभिषेक भारती एवं उनके सहयोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

संगठन ने नाबालिग बच्ची से जुड़े मूल मामले की भी निष्पक्ष जांच कराने तथा पीड़िता की पहचान और गरिमा की पूरी तरह सुरक्षा करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि पुलिस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की नियमविरुद्ध प्रक्रिया अपनाई गई है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि आज यह मामला केवल एक पत्रकार तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में स्वतंत्र एवं निर्भीक पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा हुआ है।

Voice of Journalists ने दोहराया कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करने वालों में सुजीत सिन्हा, विपिन कुमार सिंह, भगवान तिवारी, मधु सिन्हा, मुन्ना कापरी, आशीष मिश्रा, राकेश कुमार सिंह, शोभराज पांडा, चंदन रावत, अमन राज, राम कुमार, राजेश किशोर सिन्हा, मनोज झा, महेंद्र महतो सहित कई पत्रकार एवं संगठन के अन्य सदस्य शामिल हैं।

संगठन का स्पष्ट संदेश है कि पत्रकारिता को भयमुक्त वातावरण मिलना चाहिए, क्योंकि स्वतंत्र प्रेस ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान है।





By Madhu Sinha

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ