DEOGHAR : पत्रकारों की एकजुटता को लेकर पहल तेज, जनवरी 2027 में देवघर में होगा भव्य पत्रकार सम्मेलन ‌ पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य बीमा एवं पेंशन जैसे मुद्दों पर बनेगी रणनीति, राज्य के सभी पत्रकार संगठनों को एक मंच पर लाने का संकल्प।

 DEOGHAR : पत्रकारों की एकजुटता को लेकर पहल तेज, जनवरी 2027 में देवघर में होगा भव्य पत्रकार सम्मेलन ‌

पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य बीमा एवं पेंशन जैसे मुद्दों पर बनेगी रणनीति, राज्य के सभी पत्रकार संगठनों को एक मंच पर लाने का संकल्प। 


देवघर, झारखंड  । 

 झारखंड में पत्रकारों के हितों, अधिकारों, सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा को लेकर पत्रकार संगठनों को एक साझा मंच पर लाने की पहल तेज हो गई है। इसी कड़ी में संयुक्त मोर्चा के बैनर तले राज्यव्यापी पत्रकार एकजुटता अभियान चलाने तथा जनवरी 2027 में देवघर में भव्य राज्यस्तरीय पत्रकार सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

इसको लेकर गुरुवार को वॉइस ऑफ जर्नलिस्ट के बैनर तले देवघर जिला अध्यक्ष राजेश किशोर सिन्हा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवानंद सिन्हा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मधु सिन्हा, राष्ट्रीय महासचिव भगवान तिवारी एवं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना कापरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न पत्रकारों ने अपने विचार रखे और पत्रकारों की मौजूदा समस्याओं, जैसे पत्रकारों के हित, समस्या एवं सुरक्षा विशेष कर महिला पत्रकारों के सम्मान एवं सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई। 

बैठक में झारखंड के सभी पत्रकार संगठनों को एकजुट कर उनके हितों एवं अधिकारों की लड़ाई सामूहिक रूप से लड़ने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं। बावजूद इसके, आज भी बड़ी संख्या में पत्रकार सुरक्षा, सम्मान, आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य बीमा, पेंशन तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अब संगठित और सामूहिक पहल की आवश्यकता है।

वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार संगठनों के बीच आपसी मतभेदों को किनारे रखकर एकजुटता का परिचय देना होगा। जब तक पत्रकार अपनी समस्याओं और मांगों को एक साझा मंच से मजबूती के साथ नहीं उठाएंगे, तब तक उनके अधिकारों की लड़ाई को अपेक्षित मजबूती नहीं मिल सकेगी। 

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जनवरी 2027 में देवघर में आयोजित होने वाले पत्रकार सम्मेलन में झारखंड के सभी पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य बीमा, पेंशन, आर्थिक सहायता एवं पत्रकार कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के बीच आपसी एकता, समन्वय और सहयोग की भावना को मजबूत करना तथा उनकी जायज मांगों को सरकार के समक्ष संगठित एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है। बैठक में पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही उनके अधिकारों की लड़ाई को निर्णायक मजबूती प्रदान कर सकती है। यह पहल किसी एक संगठन तक सीमित नहीं, बल्कि झारखंड के समस्त पत्रकारों के हित, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा सामूहिक अभियान है।

मौके पर कृष्णा गोस्वामी, रमाकांत मालवीय सहित विभिन्न पत्रकार संगठनों से जुड़े कई पत्रकार उपस्थित थे।





By Madhu Sinha

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ