LATEHAR : कोयला परिवहन से प्रदूषण, सड़क की बदहाली और स्थानीय रोजगार का AIMIM ने उठाया मुद्दा।
लातेहार, झारखंड ।ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के बैनर तले शुक्रवार को लातेहार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जिले में कथित भ्रष्टाचार, कोयला परिवहन से उत्पन्न प्रदूषण, सड़कों की बदहाली, दुर्घटनाओं और स्थानीय युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए गए।विधानसभा प्रभारी श्रवण पासवान की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रखंड अध्यक्ष डॉ. मुफ्ती मोहसिन आजम अमजदी ने कहा कि जहां कहीं भ्रष्टाचार, अव्यवस्था या आम लोगों के साथ ज्यादती की शिकायतें सामने आ रही हैं, वहां प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार की पहल करनी चाहिए।उन्होंने बालूमाथ व्यवसाय संघ समिति द्वारा कोयला परिवहन को लेकर उठाई गई समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आम गुजरगाह से कोयला लदे वाहनों के आवागमन से सड़क पर धूल और गर्द-गुबार उड़ने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने नियमित पानी का छिड़काव और धूल नियंत्रण की समुचित व्यवस्था की मांग की।
AIMIM नेताओं ने कहा कि अत्यधिक पानी के छिड़काव या बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। लातेहार-डीही मार्ग स्थित तुबेद कोल माइंस क्षेत्र की पुरानी सड़क पर भी दुर्घटनाओं की शिकायत का हवाला देते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था, वैकल्पिक मार्ग या पुल की व्यवस्था की मांग की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिकनी कोलियरी के बंद रहने का मुद्दा भी उठाया गया। नेताओं ने कहा कि कोलियरी से जुड़े ग्रामीण लोडिंग सहित विभिन्न कार्यों से आजीविका चलाते थे। कोलियरी बंद होने से कई परिवारों के समक्ष रोजगार और भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हुई है।
डॉ. मोहसिन आजम अमजदी ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों से स्थानीय लोगों को भी रोजगार और आर्थिक अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले के कई युवा रोजगार की तलाश में दिल्ली, मुंबई, पुणे और गुजरात जैसे शहरों में जाने को मजबूर हैं। उन्होंने विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा नए उद्योग-धंधे स्थापित कराने की दिशा में पहल करने की मांग की।
AIMIM नेताओं ने कहा कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं होने पर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जन आंदोलन की दिशा में आगे बढ़ेगी। मौके पर नगर अध्यक्ष इम्तियाज आलम, जुगेश्वर यादव, शफीक अंसारी, नईम अंसारी, सरफराज आलम, अयूब अंसारी, शमशेर आलम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Report By Ram Kumar ( Latehar, Jharkhand)
By Madhu Sinha

0 टिप्पणियाँ